बिलासपुर रेंज में ‘अनुभव’ क्यूआर कोड लॉन्च, अब आमजन सीधे IG को दे सकेंगे फीडबैक

बिलासपुर। बिलासपुर पुलिस रेंज में पुलिसिंग को अधिक पारदर्शी और जनसहभागिता आधारित बनाने की दिशा में एक नया नवाचार शुरू किया गया है। पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग की परिकल्पना से ‘अनुभव’ क्यूआर कोड सिस्टम का शुभारंभ किया गया, जिसके माध्यम से आम नागरिक थानों में मिले अपने अनुभव का फीडबैक सीधे पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय तक पहुंचा सकेंगे।
बिलासपुर पुलिस लाइन के चेतना हाल में आयोजित कार्यक्रम में संभाग आयुक्त श्री अनिल जैन, पुलिस महानिरीक्षक श्री रामगोपाल गर्ग, जिला कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह की उपस्थिति में क्यूआर कोड लॉन्च किया गया। वहीं रेंज के सभी जिलों—कोरबा, रायगढ़, जांजगीर-चांपा, मुंगेली, जीपीएम, सारंगढ़ और सक्ती के पुलिस अधीक्षक वर्चुअली शामिल हुए।
क्यूआर कोड स्कैन करने पर एक सरल गूगल फॉर्म खुलेगा, जिसमें नागरिक अपने अनुभव और सुझाव साझा कर सकेंगे। पहचान और मोबाइल नंबर देना वैकल्पिक रखा गया है। आईजीपी श्री गर्ग ने बताया कि यह व्यवस्था आज से रेंज के सभी आठ जिलों के थानों में लागू कर दी गई है।
अधिकारियों ने इस पहल को जनहित में महत्वपूर्ण बताते हुए आमजन से सही और रचनात्मक फीडबैक देने की अपील की है, ताकि पुलिस व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।





