शिवरीनारायण मेला: सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क, कड़े नियम लागू

जांजगीर–चांपा। शिवरीनारायण में आयोजित ऐतिहासिक मेले को लेकर जिला पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। प्रतिदिन हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग और रात्रि गश्त की जा रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
अपराध रोकथाम के तहत पुलिस ने युवकों से हजारों स्टील के कड़े उतरवाकर जब्त किए, जिनका उपयोग हमलों में किया जा सकता था। वहीं बुलेट वाहनों में प्रेशर हॉर्न और मोडिफाइड साइलेंसर के खिलाफ मौके पर ही सख्त कार्रवाई की गई। शराबी वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर से जांच की जा रही है, पकड़े जाने पर वाहन जब्त कर न्यायालय में पेश किया जाएगा।
महिला श्रद्धालुओं व बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पुलिस ने सतर्कता बरतने की अपील की है। यातायात व्यवस्था के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया गया है और अव्यवस्थित पार्किंग व सड़क पर सामान रखने पर कार्रवाई होगी। पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं से शांति व नियमों का पालन करने की अपील करते हुए मेला को सुरक्षित व व्यवस्थित बनाने का भरोसा दिलाया है।






