छत्तीसगढ़

कोरबा में सनसनीखेज वारदात: युवती पर चाकू से हमला कर युवक ने की आत्महत्या, हालत गंभीर

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक युवक ने पहले एक युवती के गले पर चाकू से हमला किया और फिर उसी चाकू से अपने गले पर वार कर आत्महत्या कर ली। इस दर्दनाक घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवती की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका अस्पताल में इलाज जारी है।

बाइक से बिलासपुर से कोरबा पहुंचे थे दोनों

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक और युवती दोनों बिलासपुर से बाइक पर सवार होकर कोरबा पहुंचे थे। रास्ते में या कोरबा पहुंचने के बाद किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि युवक ने अचानक युवती के गले पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।

हमला करने के बाद युवक ने खुद पर किया वार

युवती पर हमला करने के बाद युवक ने उसी चाकू से अपने गले पर भी वार कर लिया। गंभीर रूप से घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, लहूलुहान हालत में पड़ी युवती ने साहस दिखाते हुए अपने परिजनों को वीडियो कॉल कर घटना की जानकारी दी।

वीडियो कॉल से खुलासा, पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

युवती की वीडियो कॉल के बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि युवती की हालत नाजुक बताई जा रही है।

उरगा थाना पुलिस कर रही जांच

घटना की सूचना मिलते ही उरगा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है, साथ ही युवक-युवती के बीच संबंध और विवाद के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

यह घटना जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button