छत्तीसगढ़

कोरबा में डायल 112 के चालक पर गैंगरेप का आरोप, दो आरोपी हिरासत में, तीन फरार

कोरबा। जिले से एक बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है, जिसने पुलिस विभाग को झकझोर कर रख दिया है। डायल 112 वाहन में तैनात एक चालक पर अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म (गैंगरेप) करने का गंभीर आरोप लगा है। मामला सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। आरोप है कि डायल 112 के चालक ने अपने चार अन्य साथियों के साथ मिलकर युवती को किसी बहाने से बांकी मोंगरा स्थित एसईसीएल के एक मकान में ले जाया, जहां आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।

किसी तरह पीड़िता वहां से निकलकर अपने घर पहुंची और परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। जैसे ही यह तथ्य सामने आया कि आरोपियों में डायल 112 में पदस्थ चालक शामिल है, पुलिस अधिकारियों ने मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पीड़िता को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इस प्रकरण में सिविल लाइन थाना में अपराध पंजीबद्ध करने की प्रक्रिया जारी है।

Related Articles

Back to top button