छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा : एसपी विजय कुमार पांडेय की पहल, बच्चों की सुरक्षा व नशे से दूर रखने अधिकारियों की बैठक

जांजगीर-चांपा, 21 अगस्त। जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा और उन्हें नशे की लत तथा सोशल मीडिया की गलत प्रवृत्तियों से बचाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS) ने एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इस बैठक में शिक्षा विभाग, बाल संप्रेक्षण विभाग, समाज कल्याण विभाग और श्रम विभाग के अधिकारी शामिल हुए।

बैठक का आयोजन थाना शिवरीनारायण क्षेत्र की हाल ही में हुई घटना को ध्यान में रखकर किया गया। यहां एक 13 वर्षीय स्कूली छात्र ने आक्रामक होकर चाकूबाजी की घटना को अंजाम दिया था। इस घटना ने जिले में बच्चों की मनोवैज्ञानिक स्थिति, उनके सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग और नशे की प्रवृत्ति को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

बैठक में एसपी पांडेय ने कहा कि बच्चों को मोबाइल और नशापान की लत से दूर रखना बेहद जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसे बच्चों की पहचान कर उनके माता-पिता की बैठक भी आयोजित की जाए। माता-पिता को जागरूक कर बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने और नशे से बचाने की पहल की जाएगी।

गौरतलब है कि बैठक में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र कौशिक, बाल संप्रेक्षण अधिकारी गजेंद्र सिंह, समाज कल्याण विभाग से पवन कोशिमा और श्रम अधिकारी समीर मिश्रा मौजूद रहे। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि स्कूल छोड़ चुके और गलत गतिविधियों में संलिप्त बच्चों का डाटा उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद पुलिस विभाग और शिक्षा विभाग मिलकर उनके माता-पिता से संवाद कर बच्चों को पुनः शिक्षा की ओर प्रेरित करेंगे।

Related Articles

Back to top button