जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी कार्रवाई : आदतन गुंडों को पकड़कर निकाला जुलूस, भेजा गया जेल

जांजगीर-चांपा, 19 जुलाई 2025 — जिले में गुंडा तत्वों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने चांपा क्षेत्र के दो कुख्यात बदमाशों को गिरफ्तार कर शहर में जुलूस निकाला। आरोपियों ने शराब के लिए पैसे नहीं देने पर एक व्यक्ति के घर में घुसकर मारपीट की थी। घटना के चंद घंटों बाद ही पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया और उनके कब्जे से लकड़ी का पटरा बरामद किया।
पकड़े गए आरोपियों के नाम गोपाल पाल उर्फ बड़ा बंगाली (32 वर्ष) एवं शुभम पाल उर्फ छोटा बंगाली (30 वर्ष) हैं, दोनों मझली तालाब, चांपा के निवासी हैं। इनके खिलाफ थाना चांपा में पूर्व से ही कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
17 जुलाई की रात 7 बजे गोपाल पाल ने प्रार्थी राधेश्याम देवांगन से शराब के लिए पैसे मांगे, मना करने पर उसे गालियां दीं। अगली शाम 18 जुलाई को दोनों आरोपी राधेश्याम के घर घुस आए और पुनः पैसे की मांग की। जब राधेश्याम ने इनकार किया तो आरोपियों ने उसे लकड़ी के पटरे से पीटा और जान से मारने की धमकी दी। बीच-बचाव करने आए लोगों को भी नहीं बख्शा।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए FIR क्रमांक 298/25 धारा 333, 119(1), 296, 351(2), 115(2)3(5) BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया और दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में जेल भेज दिया।






