जांजगीर-चांपा ब्रेकिंग: तीन साल से लापता नाबालिग बालिका को पुलिस ने इंदौर से किया बरामद, आरोपी गिरफ्तार

शिवरीनारायण, 19 जुलाई 2025 थाना शिवरीनारायण पुलिस को तीन साल पुराने अपहरण के मामले में बड़ी सफलता हाथ लगी है। वर्ष 2022 से लापता एक नाबालिग बालिका को पुलिस ने इंदौर से सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में आरोपी राजमल भील (25 वर्ष), निवासी कोसीथल गाडरीखेडा, थाना रायपुर, राजस्थान को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
क्या है पूरा मामला?
दिनांक 21 जुलाई 2022 को एक नाबालिग बालिका सुबह स्कूल जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वह वापस नहीं लौटी। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में पता चला कि किसी युवक ने उसे बहला-फुसलाकर भगा लिया है। इस सूचना के आधार पर शिवरीनारायण थाना में अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना प्रारंभ की गई थी।
पुलिस की लगातार सक्रियता
पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पांडेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप एवं SDOP चांपा श्री यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में थाना शिवरीनारायण की टीम ने लगातार पातासाजी कर आरोपी और पीड़िता का पता लगाया। अंततः आरोपी के कब्जे से बालिका को इंदौर से सकुशल बरामद किया गया।
आरोपी ने किया जुर्म कबूल
पुलिस पूछताछ में आरोपी राजमल भील ने स्वीकार किया कि उसने नाबालिग को बहला-फुसलाकर भगाया और उसके साथ अनाचार किया। आरोपी के विरुद्ध धारा 363, 366, 376(2)(एन) भादवि एवं 04, 06 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
सराहनीय पुलिस कार्यवाही
इस सफल कार्यवाही में निरीक्षक भास्कर शर्मा (थाना प्रभारी शिवरीनारायण), सउनि नरेंद्र शुक्ला एवं महिला प्रधान आरक्षक स्वाति गिरोलकर की अहम भूमिका रही।






