Uncategorized

तहसीलदार पति से मिलने दर-दर भटक रही पत्नी, ससुराल वालों ने घर में घुसने से रोका, पीड़िता की गुहार – “मुझे मेरे पति से मिला दो”

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक बेहद संवेदनशील और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। एक विवाहिता महिला, रेणु गुप्ता, अपने तहसीलदार पति से मिलने और ससुराल में रहने की गुहार लेकर घर के बाहर कई घंटों से बैठी है, लेकिन ससुराल पक्ष ने न सिर्फ उसे घर में घुसने से रोक दिया, बल्कि अब तक किसी भी स्तर से उसे कोई मदद नहीं मिली है।

जानकारी के अनुसार, रेणु गुप्ता की शादी नवंबर 2022 में बालोद के तात्कालीन नायब तहसीलदार राहुल गुप्ता से रीति-रिवाज के साथ सरगुजा जिले के सीतापुर स्थित आमाटोली सुंदरनगर में हुई थी। शादी के करीब 50 दिन बाद ही रेणु ने आरोप लगाया कि उसके पति और ससुराल पक्ष के लोग दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित करने लगे, जिससे तंग आकर वह अपने मायके में रहने लगी।

पीड़िता का कहना है कि उसने कई बार ससुराल लौटने की कोशिश की, लेकिन हर बार सास-ससुर ने उसे घर में घुसने से मना कर दिया। बुधवार को वह एक बार फिर अपने ससुराल बालोद पहुंची, लेकिन इस बार भी उसे घर में घुसने नहीं दिया गया। इसके बाद से रेणु गुप्ता सुबह से ही घर के बाहर बैठी है, वीडियो बनाकर अपनी पीड़ा सार्वजनिक कर चुकी है और पुलिस व प्रशासन से न्याय की मांग कर रही है।

गौरतलब है कि रेणु के पति राहुल गुप्ता वर्तमान में दंतेवाड़ा जिले में पदस्थ हैं, जबकि उसके ससुर सतीशचंद्र गुप्ता बालोद में मत्स्य अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं।

Related Articles

Back to top button