छत्तीसगढ़
ACB की बड़ी कार्रवाई: चिकित्सा शिक्षा कार्यालय के बाबू को रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) रायपुर को एक और बड़ी सफलता मिली है। सोमवार को नया रायपुर स्थित आयुक्त, चिकित्सा शिक्षा कार्यालय में पदस्थ बाबू चवाराम बंजारे को ACB की टीम ने 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई ACB द्वारा योजनाबद्ध ट्रैप ऑपरेशन के तहत की गई.बता दें कि रिटायर्ड लैब टेक्नीशियन तुकाराम लहरे ने ACB से शिकायत की थी, जिसमें उन्होंने बताया था कि उनके GPF और अन्य लंबित वित्तीय लाभों को जारी करवाने के लिए चवाराम बंजारे ने 50,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत की प्राथमिक जांच में आरोप की पुष्टि होने पर ACB ने आज ऑपरेशन अंजाम दिया और आरोपी को रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया।






