पुरानी रंजिश में चाकू से हमला करने वाला आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर चांपा, 20 मई 2025। थाना चांपा पुलिस ने पुरानी रंजिश को लेकर हत्या करने के इरादे से चाकू से हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया गया है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए, आरोपी के खिलाफ त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 109 के तहत कार्रवाई की गई है। आरोपी का नाम रोहित सोनी है, जिसकी उम्र 27 साल है और वह शंकर नगर चांपा, थाना चांपा, जिला जांजगीर चांपा का निवासी है। थाना चांपा पुलिस द्वारा आरोपी के आदतन अपराधी होने के कारण उसे गुंडा सूची में लाने की कार्यवाही की जा रही है।
मामले का विवरण:
मामला 19 मई 2025 को शाम करीब 06:45 बजे का है। प्रार्थी फल खरीदने के लिए नया बस स्टैंड चांपा की तरफ गया था, जहाँ वह अपने दोस्त के साथ बातचीत कर रहा था। उसी समय आरोपी रोहित सोनी, निवासी शंकर नगर चांपा ने कहा कि 10-15 दिन पहले उसने उसे अश्लील गाली क्यों दी थी, और यह कहते हुए उसे अश्लील गाली दी और हत्या करने के इरादे से मोटरसाइकिल की डिक्की से चाकू निकालकर उस पर जानलेवा हमला कर गंभीर चोट पहुँचाई। सूचना रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 206/2025 धारा 296, 109 BNS कायम कर विवेचना में लिया गया था।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए, श्री विजय पाण्डे (IPS) पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चाम्पा के निर्देशन में थाना चांपा पुलिस ने आरोपी रोहित सोनी, निवासी शंकर नगर चांपा को पकड़ा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर श्री उमेश कुमार कश्यप और SDOP चांपा श्री यदुमणि सिदार के कुशल मार्गदर्शन में, घटना के संबंध में पूछताछ करने पर उसने अपने मेमोरेंडम कथन में दिनांक घटना को कारित करना स्वीकार किया, जिसके बाद घटना में प्रयुक्त चाकू को बरामद किया गया और आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।






