जांजगीर-चांपा पुलिस की नशे में वाहन चलाने वालों पर बड़ी कार्रवाई, 34 गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-चांपा यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। सघन वाहन चेकिंग के दौरान 34 ऐसे व्यक्तियों को पकड़ा गया जो शराब के नशे में वाहन चला रहे थे। पुलिस ने इन सभी के वाहनों को जब्त कर लिया है और चालकों के खिलाफ धारा 185 मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जा रही है।
यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विवेक शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के मार्गदर्शन में की गई। पुलिस जिले में सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार शिकंजा कस रही है।
1 मई 2025 से 12 मई 2025 तक चले 12 दिवसीय सघन वाहन चेकिंग अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले 884 वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की है और उनसे कुल 2,93,500 रुपये का समन शुल्क वसूला है। इनमें तेज गति से वाहन चलाने वाले 42, बिना हेलमेट चलाने वाले 70 और बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन चलाने वाले 126 चालक शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, मालवाहक वाहनों में सवारी बैठाकर ले जाने वाले और तेज गति से वाहन चलाने वाले 46 चालकों के लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।






