शिवरीनारायण मेला हत्याकांड: फरार बाल अपचारी पकड़ाया, बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया – पुलिस को मिली बड़ी सफलता
जांजगीर-चांपा। शिवरीनारायण माघी पूर्णिमा मेले में युवक की हत्या के मामले में फरार चल रहे एक विधि विरुद्ध संघर्षरत बाल अपचारी को पकड़ने में शिवरीनारायण पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। आरोपी को गिरफ्तार कर किशोर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे बाल संप्रेक्षण गृह कोरबा भेज दिया गया।
इस मामले में पुलिस पहले ही 10 विधि विरुद्ध संघर्षरत बाल अपचारियों और 2 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
मामूली विवाद ने ली युवक की जान
घटना 12 फरवरी 2025 की है। मृतक दीपेश बर्मन निवासी मोहतरा अपने साथियों के साथ शिवरीनारायण मेला देखने आया था। रात लगभग 8:30 बजे चौपाटी महिला गार्डन के पास वह अपने दोस्तों से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान मामूली बात को लेकर 2 मुख्य आरोपियों सहित 11 नाबालिग बाल अपचारियों ने विवाद शुरू कर दिया।
गाली-गलौच का विरोध करने पर सभी आरोपियों ने एक राय होकर दीपेश और उसके साथियों पर बेल्ट, हाथ-मुक्के और चाकू से हमला कर दिया। घटना में दीपेश को गंभीर चोटें आईं।






