जांजगीर-चांपा जिले में पुलिस की तीन बड़ी कार्रवाई: राशन घोटाले में दो गिरफ्तार, मारपीट व जुआ मामले में भी आरोपी पुलिस गिरफ्त में

जांजगीर-चांपा। जिले की पुलिस ने हाल ही में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये मामले शासकीय राशन घोटाले, मारपीट और सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने से जुड़े हैं। पुलिस की सख्त कार्यप्रणाली से अपराधियों में खलबली मच गई है।
भवतरा राशन घोटाला: महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष सहित दो गिरफ्तार
शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम भवतरा में संचालित शासकीय उचित मूल्य दुकान में लगभग 17.37 लाख रुपये की राशन सामग्री के गबन का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि माता महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष केसर बाई (40) और विक्रेता लालाराम कश्यप (42) ने मिलकर चावल, शक्कर, नमक व केरोसिन की भारी मात्रा में हेराफेरी की है।
इस मामले में पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर धारा 420, 409, 34 भादवि एवं 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला (IPS) के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, ASI जय नंदन मार्बल, प्रधान आरक्षक सतीश राणा, आरक्षक राजेश कश्यप व विवेक सिंह का विशेष योगदान रहा।
अकलतरा: शराब पीने से रोका तो कर दी मारपीट, आरोपी गिरफ्तार
थाना अकलतरा अंतर्गत वार्ड क्रमांक 13 में रहने वाले सतीश खाण्डे के साथ गंभीर मारपीट का मामला सामने आया। आरोपी अविनाश मार्बल (25) द्वारा दुकान के पास बैठकर शराब पीने पर टोके जाने पर अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 296, 115(2) BNS के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर 04 अप्रैल 2025 को न्यायिक रिमांड पर भेजा है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक मणीकांत पांडेय, उप निरीक्षक बी.एल. कोसरिया, प्रधान आरक्षक राकेश चतुर्थी, आरक्षक बृजपाल बर्मन और कृष्णा पटेल की सक्रिय भूमिका रही।
लीलागर नदी किनारे जुआ खेलते तीन आरोपी पकड़े गए
एक अन्य कार्रवाई में थाना अकलतरा पुलिस ने कोटमीसोनार अमरैया क्षेत्र में लीलागर नदी के किनारे जुआ खेलते हुए तीन आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा। आरोपीगण राकेश शर्मा (31), गुलाब यादव (35) और चन्द्रशेखर पाठक (35) के पास से ₹32,630 नगद, 02 मोबाइल, 02 मोटरसाइकिल और 52 पत्तियों की ताश जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 109/2025 के तहत जुआ अधिनियम की कार्रवाई की। इस रेड कार्रवाई में निरीक्षक मणीकांत पांडेय, उप निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू, निरीक्षक सागर पाठक, सउनि विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा, और अन्य पुलिसकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।






