छत्तीसगढ़

कोरबा में ‘कलयुग के कल्कि’ का आतंक, मुक्तिधाम में मिली तलवार और धमकी भरी चिट्ठी

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के नवापारा गांव में ‘कलयुग के कल्कि’ नामक अज्ञात कातिल ने दहशत फैला रखी है। पहले एक व्यक्ति की हत्या, फिर दीवारों पर लिखी धमकियों के बाद अब मुक्तिधाम में तलवार और चिट्ठी मिलने से गांव में सनसनी मच गई है।

पहले हत्या, अब 5 लोगों को मारने की धमकी

नवापारा गांव में 25 फरवरी को रामसिंह कंवर (60 वर्ष) पर धारदार हथियार से हमला हुआ था। गंभीर रूप से घायल रामसिंह ने अगले दिन इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हत्या के बाद आरोपी ने गांव की दीवारों पर धमकी भरे संदेश लिख दिए, जिससे ग्रामीणों में डर और बढ़ गया।

इसके बाद आरोपी ने जितेंद्र कंवर के घर की दीवार पर खुद को ‘कलयुग का कल्कि’ बताते हुए अगली हत्या की चेतावनी दी। संदेश में लिखा था कि अगली वारदात पकरिया गांव में होगी और इस बार मोनू उसका निशाना बनेगा।

मुक्तिधाम में छोड़ी तलवार और चिट्ठी

हत्या की वारदात के कुछ दिन बाद, जिस मुक्तिधाम में रामसिंह कंवर का अंतिम संस्कार हुआ था, वहीं एक पिलर पर ढाई फीट लंबी तलवार और एक चिट्ठी रखी मिली। हालांकि, इस चिट्ठी में क्या लिखा है, इसका खुलासा अभी तक नहीं हुआ है। पुलिस ने चिट्ठी को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना मामला

इस पूरे मामले को एक हफ्ते से ज्यादा हो गया है, लेकिन पुलिस के हाथ अब तक कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। गांव के सरपंच पति ने कहा कि “जिस किसी ने भी ऐसा किया है, उसे जल्द से जल्द पकड़ना बेहद जरूरी है, नहीं तो लोग चैन की नींद नहीं सो पाएंगे।”

Related Articles

Back to top button