सुकमा में नक्सलियों की बर्बरता: पूर्व विधायक मनीष कुंजाम के ससुर का गला रेतकर हत्या

सुकमा। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित सुकमा जिले में सोमवार देर रात नक्सलियों ने बर्बरता की सारी हदें पार कर दी। उन्होंने CPI के पूर्व विधायक मनीष कुंजाम के छोटे ससुर कलमू हिड़मा (65) की गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद कोंटा एरिया कमेटी के नक्सलियों ने हत्या की जिम्मेदारी ली और इलाके में पर्चा फेंककर धमकी भी दी। यह घटना चिंतागुफा थाना क्षेत्र की है।
रात में घर में घुसे नक्सली, धारदार हथियार से हत्या
सूत्रों के मुताबिक, करीब 5 से 6 हथियारबंद नक्सली सोमवार देर रात कलमू हिड़मा के घर में घुसे। उन्होंने पहले बुजुर्ग को घर से बाहर निकाला और कुछ दूर जंगल की ओर ले गए। वहां धारदार हथियार से गला काटकर उनकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद नक्सली मौके से फरार हो गए।
नक्सलियों ने पर्चा जारी कर दी धमकी
हत्या के बाद कोंटा एरिया कमेटी के नक्सलियों ने पर्चा जारी किया, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि कलमू हिड़मा ग्रामीणों पर दबाव बनाकर जमीन हड़प रहे थे और खुद के नाम पर पट्टा करा रहे थे। नक्सलियों ने लिखा कि उन्हें कई बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन जब वह नहीं माने तो उन्हें मौत की सजा दी गई।
पर्चे में नक्सलियों ने और भी धमकियां दी हैं। उन्होंने कहा कि अगर कोई भी उनके खिलाफ जाएगा, तो उसका अंजाम भी यही होगा। पुलिस ने घटनास्थल से पर्चा बरामद कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।
पूर्व विधायक ने की हिंसा की निंदा
घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व विधायक मनीष कुंजाम ने कहा कि हिंसा से सिर्फ हिंसा ही बढ़ेगी। उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा की और कहा कि नक्सलियों की इस क्रूर हरकत से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।






