त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव…प्रत्याशी का फोड़ा सिर:शराब के नशे में चुनाव करा रहे अधिकारी सस्पेंड, 3 दूल्हों ने भी डाला वोट; वोटिंग का समय खत्म

छत्तीसगढ़ में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के पहले चरण की वोटिंग खत्म हो गई है। 53 ब्लॉकों की ग्राम पंचायतों में वोटिंग करीब 50% वोटिंग हुई है। पेंड्रा में शराब के नशे में चुनाव कराने वाले एक मतदानकर्मी को सस्पेंड किया गया है। वहीं CM विष्णुदेव साय के समधी समेत 6 पूर्व मंत्रियों के रिश्तेदार भी पंचायत चुनाव लड़ रहे हैं।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े अपने पति के साथ बाइक पर बैठकर सूरजपुर के वीरपुर मतदान केंद्र पहुंची। लाइन में लगकर मतदान किया। इधर, सूरजपुर के जयनगर के महाबीरपुर में जमकर मारपीट हुई है। मतदान के दौरान बूथ क्रमांक 7 के पंच प्रत्याशी जाहिदा खातून के समर्थकों ने फर्जी वोटिंग के शक में विनय गुप्ता को पीटा है।
इसके साथ ही रायपुर के आरंग के भैंसा मतदान केंद्र में बीजेपी विधायक गुरु खुशवंत साहेब के भाई के पक्ष में वोट कराने का आरोप है। आरंग वोटिंग सेंटर में महिला मतदानकर्मी सौरभ के फोटो वाले पर्चे लेकर बैठी थी।

नशे में चुनाव करा रहे अधिकारी सस्पेंड
पेंड्रा में शराब के नशे में चुनाव कराने वाले सहायक ग्रेड 3 के अधिकारी को निलंबित कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि गौरेला के कछापारा नेवसा मतदान केंद्र क्रमांक 55 में मतदानकर्मी प्रशांत विश्वकर्मा नशे में पहुंचे थे। जिला निर्वाचन अधिकारी लीना कमलेश मंडावी ने कार्रवाई की है।
वार्ड नंबर 10 में मत-पत्र खत्म होने से बवाल
रायगढ़ जिला पंचायत के कुकुरदा ग्राम पंचायत में दोपहर 2:30 बजे मत-पत्र खत्म हो गए। आनन-फानन में दोपहर 3 बजे मत पत्र की व्यवस्था की गई। वार्ड नंबर 10 में कुल 96 मतदाता हैं, जिनमें से सिर्फ 52 मत पत्र ही उपलब्ध थे। वार्ड प्रत्याशी बृजेश मेहर ने मतदान रद्द करने की मांग की है। फर्जी मतदान की आशंका जताई गई है।
गुरु खुशवंत साहेब के भाई के पक्ष में वोट डलवाने के आरोप
जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी वेदराम मनहरे ने सवाल उठाए हैं। गुरु खुशवंत साहेब के भाई सौरभ के पक्ष में वोट डलवाने के आरोप लगाए हैं। वहीं अभनपुर के टीला में पंचायत चुनाव के लिए दूल्हा तेजराम चक्रधारी ने मतदान किया।






