बहन के डांस परफॉर्मेंस में हूटिंग,रोकने पर भाई को मारा-चाकू

दुर्ग के एक स्कूल में एनुअल फंक्शन के दौरान दो गुटों में मारपीट हो गई। वहीं, चाकू के हमले से एक युवक घायल हो गया। जिसे परिजन जिला अस्पताल ले गए। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
एएसपी दुर्ग अभिषेक झा ने बताया कि, 5 जनवरी को गया नगर के सुभाष विद्या मंदिर में एनुअल प्रोग्राम था। फंक्शन का आयोजन ऋषभदेव भवन में किया गया था। इस स्कूली में घायल नितिन की बहन भी पढ़ती है। इसलिए नितिन अपने चाचा के साथ कार्यक्रम देखने गया था।

बहन की डांस में लड़कों ने की हूटिंग
इस कार्यक्रम के दौरान नितिन की बहन डांस कर रही थी। तब वहां बैठे कुछ लड़कों ने डांस देखकर हूटिंग शुरू कर दी। यह बात नितिन को बुरी लगी और उसने विरोध किया। उस समय तो आयोजकों ने मामला शांत करा दिया, लेकिन जैसे ही कार्यक्रम खत्म हुआ और नितिन बाहर जाने लगा तो उन लड़कों ने उसे घेर लिया।
आयोजन स्थल के बाहर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसमें 3-4 लड़कों ने नितिन के साथ मारपीट की और उसके जांघ में चाकू से वार कर भाग गए। इससे नितिन लहूलुहान होकर गिर गया। उसके चाचा और बाकी लोगों ने डायल-112 को फोन कर एम्बुलेंस किया। लेकिन जब वो समय पर नहीं पहुंची तो वो लोग खुद उसे बाइक पर बैठाकर जिला अस्पताल दुर्ग ले गए। जहां उसका इलाज चल रहा है।
एक आरोपी गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी
एएसपी अभिषेक झा ने बताया कि मामले में पुलिस जांच कर रही है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है। वहीं, जब कोतवाली टीआई फोन लगाया गया तो उन्होंने कई बार फोन करने के बाद भी कॉल रिसीव नहीं की।






