सारागांव में लूटकांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, दो फरार

जांजगीर-चांपा। सारागांव थाना क्षेत्र के ग्राम कोसमंदा-कमरीद मुख्य मार्ग पर लूटपाट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। साइबर सेल और सारागांव पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी दीपक कुमार उर्फ पिंटू कश्यप (24) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूट की रकम 3000 रुपये और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
लूट की घटना
15 दिसंबर की रात करीब 8:30 बजे प्रार्थी केशव करियारे को तीन अज्ञात बदमाशों ने कमरीद मेन रोड पर रोककर मारपीट की और 50,000 रुपये लूटकर फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट पर थाना सारागांव में मामला दर्ज किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक विवेक शुक्ला के निर्देश पर अज्ञात आरोपियों की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल और थाना सारागांव की टीमों ने आरोपी दीपक कुमार उर्फ पिंटू को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया और बताया कि लूट की रकम में से 12,000 रुपये खर्च कर दिए गए थे।
दो आरोपी अब भी फरार
घटना में शामिल दो अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार करने का दावा कर रही है।






