क्लास-रूम में सोने वाली टीचर से 25 हजार की डिमांड,मंत्रालय का अफसर बनकर ठगों ने किया कॉल,बोला-पैसे नहीं दिए तो होंगी सस्पेंड

बिलासपुर के सरकारी स्कूल के क्लास रूम में सोने वाली टीचर को धमकी भरे कॉल किए जा रहे हैं। फोन करने वाला खुद को मंत्रालय का अफसर बताकर 25 हजार रुपए की डिमांड कर रहा है, पैसे नहीं देने पर सस्पेंड करने की चेतावनी दी है। अब स्कूल की हेडमास्टर ने सीपत थाने में शिकायत की है।
दरअसल, एक सप्ताह पहले मस्तूरी ब्लॉक के बरेली के प्राइमरी स्कूल की टीचर रामेश्वरी कैवर्त्य का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें वो क्लास रूम में सो रही थी। टीचर वीडियो बनाने वाले को कह रही थी कि, मुझे अच्छा नहीं लग रहा है। सुबह से तबीयत ठीक नहीं है, पता नहीं मौसम की वजह से हाथ-पैर में दर्द हो रहा है। टीचर युवक को वीडियो बनाने से भी रोकती दिख रही है।

शिक्षा विभाग के अफसर कर रहे जांच
वहीं, क्लास रूम में टीचर के सोते हुए वीडियो वायरल होने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं। वहीं जांच अधिकारी को टीचर ने अपना मेडिकल रिपोर्ट और बयान भी दिया है। हेडमास्टर लक्ष्मी माल्या ने भी कहा है कि, टीचर की तबीयत खराब थी। लंच के दौरान आराम कर रही थीं।
ठगों ने मंत्रालय के अफसर बताकर मांगे 25 हजार
स्कूल की हेडमास्टर लक्ष्मी माल्या ने सीपत थाने में वीडियो रिकार्डिंग दी है। उन्होंने बताया कि, टीचर के सोने का वीडियो वायरल होने के बाद अनजान नंबर से उन्हें और टीचर को लगातार कॉल किया जा रहा है। कॉल करने वाला खुद को मंत्रालय का अधिकारी अतुल शर्मा बता रहा है।
वो हेडमास्टर और टीचर को सस्पेंड और बर्खास्त करने की धमकी देकर 25 हजार रुपए की डिमांड कर रहा है। हेडमास्टर ने इस मामले की जांच करने और धमकी देकर पैसों की मांग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।






