छत्तीसगढ़

पुलिस ने शराब सेवन से मौत के मामले को 72 घंटे में सुलझाया: प्रेम-प्रसंग में हत्या का खुलासा

जांजगीर-चांपा: थाना बलौदा क्षेत्र के ग्राम बुडगहन में शराब सेवन से हुई दो व्यक्तियों की मौत के मामले को पुलिस ने 72 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। इस हत्या की साजिश अवैध संबंधों के चलते रची गई थी, जिसमें आरोपी प्रेमिका ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पुराने प्रेमी की हत्या की योजना बनाई।

26 अक्टूबर 2024 को मृतक रूपेश सांडे (28) और शिवा बंजारे (19) को शराब पीने के बाद तबीयत बिगड़ने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और घटना स्थल के निरीक्षण एवं पीएम रिपोर्ट के आधार पर मृतक रूपेश सांडे के अवैध संबंधों की जानकारी मिली।

पुलिस ने आरोपी रंजनी सांडिल्य और बंसत आदित्य के मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया, जिससे पता चला कि दोनों के बीच घटना के दिन बार-बार बातचीत हुई थी। पूछताछ के दौरान रंजनी ने स्वीकार किया कि उसने अपने पुराने प्रेमी रूपेश की हत्या की साजिश रची थी।

आरोपियों ने योजना के तहत रंजनी ने सुहागा मिलाकर देशी शराब तैयार की और उसे रूपेश को पिलाया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। पुलिस ने रंजनी सांडिल्य और बंसत आदित्य को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

उप पुलिस अधीक्षक अनिल कुर्रे के नेतृत्व में बलौदा पुलिस और सायबर टीम ने इस मामले को त्वरित कार्रवाई करके सुलझाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अब पुलिस न्यायिक रिमांड पर आरोपियों को भेजने की प्रक्रिया में है।

Related Articles

Back to top button