कोरबा: इलाज के नाम पर पांच लाख की ठगी का आरोप, मरीज की बिगड़ती हालत पर परिजनों का हंगामा

कोरबा। न्यू कोरबा हॉस्पिटल में इलाज के नाम पर ठगी का मामला सामने आया है। मरीज के स्वजनों ने आरोप लगाया है कि डॉक्टरों ने उन्हें सही जानकारी दिए बिना इलाज के नाम पर पांच लाख रुपये वसूल लिए, लेकिन मरीज की हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके उलट, मरीज की स्थिति और गंभीर होती चली गई।
29 अक्टूबर की शाम जब अस्पताल प्रबंधन ने मरीज की हालत बिगड़ने और इंफेक्शन फैलने की जानकारी दी तथा उसे दूसरी जगह रेफर करने की बात कही, तो परिजन नाराज हो गए और अस्पताल में जमकर हंगामा किया। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना की शिकायत रामपुर सिविल लाइन थाने में दोनों पक्षों ने दर्ज कराई है।
यह न्यू कोरबा हॉस्पिटल में पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले भी अस्पताल पर मरीजों से भारी रकम वसूलने और लापरवाही के आरोप लग चुके हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई न होने के चलते अस्पताल प्रशासन बेखौफ नजर आता है। परिजनों ने इस मामले में अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।






