अश्विनी वैष्णव बोले- कांग्रेस की झूठ की दुकान नहीं चलेगी

संसद के मानसून सत्र का गुरुवार (1 अगस्त) को नौवां दिन है। लोकसभा में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ट्रेनों की सेफ्टी पर बात की। इस पर विपक्ष ने हंगामा किया। तब रेल मंत्री ने कहा- अयोध्या स्टेशन की पुरानी बिल्डिंग की दीवार डैमेज हो गई थी। कांग्रेस और सपा की सोशल मीडिया ट्रोल आर्मी ने यह झूठ फैलाया- अयोध्या स्टेशन की नई दीवार गिर गई। कांग्रेस की ये झूठ की दुकान नहीं चलेगी।
इसके बाद विपक्ष के सांसदों ने रेल मंत्री हाय-हाय के नारे लगाए। हंगामे के बीच रेल बजट सदन से पास हो गया। इससे पहले लोकसभा में गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने डिजास्टर मैनेजमेंट संशोधन बिल, 2024 पेश किया। इस पर चर्चा के दौरान कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने आपत्ति जताई।
जवाब में नित्यानंद राय ने कहा- आपदा प्रबंधन का पहला दायित्व राज्य का ही है। यह बिल किसी राज्य के अधिकारों में दखल नहीं करता है। इस बिल में कई ऐसे प्रावधान हैं जो डिजास्टर मैनेजमेंट को सही दिशा में ले जाएंगे।
इस बिल पर बहस होगी और जब बिल पास हो जाएंगे तो इन्हें कानून में बदलने के लिए राष्ट्रपति के पास भेजा जाएगा। उधर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा- वायनाड लैंडस्लाइड को गंभीर आपदा घोषित किया जाए। ताकि सांसद फंड से एक करोड़ रुपए दान किया जा सके।
संसद का मानसून सत्र 22 जुलाई को शुरू हुआ और यह 12 अगस्त को खत्म होगा।
अश्विनी वैष्णव ने कहा- यूपीए के कार्यकाल में सालाना औसत 171 एक्सीडेंट होते थे। हमारी सरकार में एक्सीडेंट की संख्या में 68% की कमी आई है। इस पर विपक्ष हंगामा करने लगा। तब वैष्णव ने कहा- विपक्ष अपने गिरेबान में झांकिए। आपने 58 सालों में ATP तक नहीं लगाया।
ट्रेन सेफ्टी पर रेल मंत्री बोले- 2024 में कवच का वर्जन 4.0 अप्रूव
रेलवे में सेफ्टी इश्यू पर बात करते हुए रेल मंत्री ने कहा- दुनिया के जितने बड़े रेल नेटवर्क हैं, उन्होंने ATP को लागू किया। इससे ड्राइवर को हाईस्पीड ट्रेन में सिग्नल देखने में आसानी होती है। ये टेक्नोलॉजी दुनिया में 80 के दशक में आ गई। भारत में 2014 तक नहीं था। 2006 में एंटी कोलीजन डिवाइस लाई गई, वो 2012 में फेल हो गई। मोदी ने 2014 में जिम्मेदारी ली, 2016 में कवच लाए, 2019 में इसको सेफ्टी सर्टिफिकेट मिला। कोविड के बावजूद 2020-21 में ट्रायल होते रहे। 2024 में कवच का वर्जन 4.0 अप्रूव हो गया।






