120 फीट ऊंचे शिवलिंग पर चढ़ा 6000 लीटर दूध, VIDEO:छत्तीसगढ़ में 500 फीट ऊंची क्रेन के सहारे जलाभिषेक, शिवनाथ में विसर्जित किया जाएगा जल

संस्कारधानी राजनांदगांव भगवान शिव की भक्ति में डूबी हुई है। शिव भक्तों ने 500 फीट ऊंची क्रेन की मदद से 120 फीट ऊंचे शिवलिंग पर 6000 लीटर दूध और जल चढ़ाया। मां पाताल भैरवी मंदिर में पुजारियों ने मंत्रोच्चार किया और पुष्प वर्षा भी की गई।
विशाल मंदिर में ऐतिहासिक रूप से भगवान शिव का अभिषेक के लिए विशाल लोटा बनाया गया था। लोटे को क्रेन के माध्यम से मंदिर के ऊपर ले जाया गया। इसके बाद शिवलिंग पर जलाभिषेक किया गया। भगवान शिव को अर्पित जल और दूध को एकत्र कर शिवनाथ नदी में विसर्जित किया जाएगा।

जलाभिषेक के लिए टैंकरों से पहुंचा पानी और दूध
आयोजन समिति के सदस्य तथागत पांडेय ने बताया कि बर्फानी सेवाश्रम समिति ने हजारों शिव भक्तों के बीच मां पाताल भैरवी मंदिर में भव्य आयोजन किया है। वहीं भक्तिमय माहौल में बर्फानी आश्रम के पुजारियों ने निरंतर मंत्रोच्चारण के माध्यम अभिषेक किया। कार्यक्रम के लिए दूध और पानी की व्यवस्था टैंकरों के माध्यम से की गई।

लेजर शो और RVS डीजे का प्रदर्शन
डीजे संचालक रितेश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में RVS डीजे साउंड सिस्टम से लैस और भव्य लेजर शो शिव भक्तों को लुभा रहा है। सभी शिव भक्त भक्तिमय होकर आनंद उठा रहे हैं। मंदिर परिसर में शिव भक्तों की बड़ी संख्या में भीड़ उपस्थित थी।

कार्यक्रम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
इस दौरान कार्यक्रम में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस प्रशासन को भीड़ को संभालने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। व्यवस्था को संभालने के लिए एडिशनल एसपी राहुल देव शर्मा पूरी टीम के साथ मौजूद रहे।

मंदिर की गोलाई लगभग 116 फीट
बता दें कि पाताल भैरवी मंदिर देशभर में पहचान बना चुका है। मंदिर की ऊंचाई लगभग 120 फीट है, जो विशाल शिवलिंग के रूप में है। मंदिर की गोलाई लगभग 116 फीट है। गर्भगृह में काली स्वरूपनी मां पाताल भैरवी की प्रतिभा है। पहले तल में राज राजेश्वरी त्रिपुर सुंदरी दस महाविद्या और दूसरे तल में ज्योर्तिलिंग शिव शक्ति सिद्धपीठ की स्थापना की गई है।






