टेलीग्राम पर “डबल मुनाफा” का झांसा: युवक से ₹27 लाख से अधिक की ठगी, 2 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 23 अप्रैल 2026। साइबर ठगी के एक बड़े मामले में जांजगीर-चांपा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को औरंगाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने टेलीग्राम के जरिए “डबल मुनाफा” का लालच देकर एक युवक से 27.26 लाख रुपये से अधिक की ठगी की।
पुलिस के अनुसार, चांपा क्षेत्र निवासी 32 वर्षीय राजेश कुमार सोनी को एक युवती ने टेलीग्राम के माध्यम से संपर्क कर निवेश पर भारी मुनाफे का झांसा दिया। इसके बाद उसे एक ग्रुप में जोड़कर लगातार निवेश के लिए प्रेरित किया गया। झांसे में आकर युवक ने अलग-अलग माध्यमों से कुल ₹27,26,614 विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए।
ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की जांच में एक बैंक खाते का सुराग मिला, जिसके आधार पर पुलिस टीम औरंगाबाद पहुंची और आरोपी आवेज मसूद शेख को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसके साथी अब्दुल वाहिद का नाम सामने आया, जिसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोबाइल, एटीएम और बैंक पासबुक बरामद किए गए हैं। दोनों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। कार्रवाई प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के निर्देशन में की गई।






