जांजगीर में बटनदार चाकू के साथ युवक गिरफ्तार, पुलिस को मिली बड़ी सफलता

जांजगीर। जांजगीर-चांपा पुलिस ने असामाजिक तत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए बटनदार चाकू के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा श्री विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन में थाना जांजगीर पुलिस द्वारा अपराधों की रोकथाम और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कोतवाली जांजगीर पुलिस टीम ने शारदा चौक, जांजगीर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की जांच के दौरान एक युवक को रोका।
तलाशी लेने पर युवक के पास से एक बटनदार चाकू बरामद किया गया, जिसे वह अवैध रूप से अपने पास रखे हुए था। मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू तांती पिता रामजतन तांती, उम्र 20 वर्ष, निवासी मुडापार चौकी मानिकपुर, जिला कोरबा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।






