छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ की महिलाओं को आज मिलेंगे 653 करोड़:साय सरकार ने कहा-आने वाला है खुशियों का नोटिफिकेशन, कांग्रेस बोली- बंद हो जाएगी योजना

छत्तीसगढ़ सरकार महतारी वंदन योजना की पांचवी किश्त सोमवार को जारी करेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रायपुर के CM हाउस से डिजिटली महिलाओं के खाते में ट्रांसफर करेंगे। जानकारी के मुताबिक सोमवार को लगभग 70 लाख महिलाओं के खाते में 653 करोड़ 84 लाख रुपए भेजे जाएंगे।

भाजपा ने बीते विधानसभा चुनाव में प्रदेश की विवाहित महिलाओं को हर महीने महतारी वंदन योजना के अंतर्गत 1000 रुपए देने का वादा किया था। इसे मोदी की गारंटी बताया गया था। प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी और शपथ लेने के 3 महीने के भीतर ही इस योजना पर काम शुरू हो गया था।

मुख्यमंत्री जारी करेंगे राशि।
मुख्यमंत्री जारी करेंगे राशि।

PM नरेंद्र मोदी ने जारी की थी पहली किश्त

प्रशासनिक अमले ने तेजी से सर्वे का काम पूरा करते हुए हितग्राही महिलाओं से फार्म भरवाए और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 10 मार्च को महतारी वंदन योजना की पहली किश्त जारी की थी। इसके बाद हर महीने महिलाओं को पैसे मिल रहे हैं।

सरकार जब पैसे जारी करती है महिलाओं के मोबाइल फोन में नोटिफिकेशन जाता है। इसे खुशियों का नोटिफिकेशन सरकार ने बताया है। दावा किया गया है कि इससे कुछ महिलाएं अपने घरेलू बजट को इससे व्यवस्थित कर पा रही हैं, कुछ महिलाएं इस राशि को अपनी बच्चों की पढ़ाई-लिखाई में खर्च कर रही हैं और कुछ भविष्य के लिए निवेश कर रही हैं।

कांग्रेस ने उठाए हैं सवाल।
कांग्रेस ने उठाए हैं सवाल।

कांग्रेस बोली 75 प्रतिशत महिलाओं को चौथी किश्त नहीं मिली

दूसरी तरफ कांग्रेस का दावा है कि महतारी वंदन में 75 प्रतिशत महिलाओं को चौथी किश्त की राशि अभी तक नहीं मिली है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि जुलाई में महतारी वंदन की पांचवी किश्त महिलाओं के खाते में आना है, लेकिन जून का पैसा अभी तक अप्राप्त है। वोट लेने के बाद महिलाओं को अपात्र बता उनका नाम सूची से हटाने का सरकार षड़यंत्र कर रही है।

बैज ने कहा कि सरकार बताए कि जिनके खातों में तीन किस्त जमा हो गई, वे चौथी किस्त के लिए अपात्र कैसे हो गए? अगर वे अपात्र थे, तो तीन महीने तक पैसा क्यों दिया गया? सरकार बताए कि महतारी वंदन योजना की चौथी किस्त कितनी महिलाओं के खातों में जमा हुई? कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि जिन महिलाओं के खातों में चौथी किस्त जमा हुई है, उनके नाम सार्वजनिक किए जाएं।

Related Articles

Back to top button