छत्तीसगढ़
सक्ती जिले में सड़क हादसा : हाईवा की टक्कर से 10 गायों की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्का जाम

सक्ती। जिले के भद्री चौक में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सुबह करीब 5 बजे तेज रफ्तार हाईवा वाहन ने सड़क पर बैठी 10 गायों को कुचल दिया। हादसे में सभी गायों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण, गोसेवक और जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। गौसेवक संघ भद्री के अध्यक्ष दीपक डनसेना ने बताया कि हाईवा चालक ने गायों को देखकर न तो गति धीमी की और न ही हॉर्न बजाया, जिसके चलते यह हादसा हुआ।
हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और गौसेवकों ने सुबह 6 बजे से भद्री चौक पर चक्का जाम कर दिया। यह जाम करीब तीन घंटे तक चला, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित रहा।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस के समझाइश देने के बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त किया। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हाईवा चालक की तलाश की जा रही है।






