छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा पुलिस की अनोखी पहल : अवैध शराब से स्वावलंबन की राह पर महिलाएं

जांजगीर-चांपा। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में जिले में सामाजिक पुलिसिंग की एक नई मिसाल कायम की जा रही है। थाना अकलतरा क्षेत्र के ग्राम चंगोरी में धनुहार समाज की महिलाओं को अवैध शराब बनाने की राह छोड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम से जोड़ा गया।

गौरतलब है कि हाल ही में अकलतरा पुलिस और महिला कमांडो द्वारा धनुहार समाज के खेतों से भारी मात्रा में अवैध कच्ची महुआ शराब जब्त की गई थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक की पहल पर इन महिलाओं को बिहान योजनाओं से जोड़कर कृषि विज्ञान केंद्र जांजगीर में स्वरोजगार हेतु प्रशिक्षण दिया गया। महिलाओं को साबुन, फिनाइल, डिटर्जेंट, अगरबत्ती बनाने और मत्स्य पालन की विधियों की जानकारी दी गई।

इससे पहले पुलिस अधीक्षक पाण्डेय द्वारा सबरिया समाज के लोगों से सामूहिक चर्चा कर यह संकल्प लिया गया था कि अब वे अवैध शराब बिक्री जैसी गतिविधियों से दूर रहकर मुख्यधारा से जुड़ेंगे। इसी क्रम में अब धनुहार समाज के लिए भी स्वरोजगार और कौशल विकास की योजनाएं लागू की जा रही हैं, जिससे समाज का कमजोर वर्ग आर्थिक रूप से मजबूत होकर स्वावलंबन की राह पर आगे बढ़ सके।

पुलिस अधीक्षक पाण्डेय का मानना है कि जब समाज का कमजोर तबका आत्मनिर्भर बनेगा, तो वह किसी भी अवैध कार्य की ओर आकर्षित नहीं होगा। यही वजह है कि जांजगीर-चांपा पुलिस की यह पहल अब पूरे जिले में प्रेरणा का स्रोत बन रही है।

पुलिस की अपील

  • अवैध शराब की बिक्री एक गंभीर अपराध है, इससे समाज में कई तरह की समस्याएं उत्पन्न होती हैं।

  • सभी नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए इस अपराध की रोकथाम में पुलिस का सहयोग करें।

  • यदि कहीं भी अवैध शराब निर्माण या बिक्री की जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।

Related Articles

Back to top button