जांजगीर: पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी गई श्रद्धांजलि

जांजगीर, 21 अक्टूबर: पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर जांजगीर थाना क्षेत्र में शहीद पुलिस जवानों की शहादत को नमन करते हुए श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम शहीद एस.आई. श्री लोकेश टंण्डन और प्रधान आरक्षक श्री ललित खरसन की याद में आयोजित किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री विवेक शुक्ला (IPS) के निर्देशन में 21 अक्टूबर 2024 को थाना जांजगीर पुलिस ने शहीद एस.आई. श्री लोकेश टंण्डन के द्वारा शिक्षा प्राप्त किए स्कूल, ज्ञान भारती स्कूल जांजगीर में द्वीप प्रज्जवलित किया। इस दौरान शहीद जवान की शहादत को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
इसी प्रकार, थाना जांजगीर पुलिस ने शहीद प्रधान आरक्षक श्री ललित खरसन के शहादत को भी नमन करते हुए उनके द्वारा शिक्षा प्राप्त किए शासकीय स्कूल पुटपुरा में द्वीप प्रज्जवलित किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को सड़क दुर्घटनाओं के दृष्टिगत उचित बचाव के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों को समझाया गया कि नाबालिगों को किसी भी प्रकार का वाहन नहीं चलाना चाहिए और यातायात नियमों का पालन करना आवश्यक है।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में कई गणमान्य नागरिकगण एवं स्कूल के शिक्षकगण उपस्थित रहे, जिन्होंने शहीदों के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस कार्यक्रम का सफल संचालन निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, थाना प्रभारी जांजगीर के नेतृत्व में एएसआई बलवंत घृतलहरे, संजय शर्मा और आरक्षक दिलीप सिंह तथा ईश्वरी राठौर द्वारा किया गया।
इस आयोजन ने जांजगीर क्षेत्र में शहीद पुलिस जवानों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान किया और युवाओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य किया।






