नव वर्ष पर जांजगीर-चांपा में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, पर्यटन स्थलों से लेकर चौक-चौराहों तक पुलिस की तैनाती

जांजगीर-चांपा, 30 दिसंबर 2025। नव वर्ष के अवसर पर जिले में शांति, कानून व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन में 31 दिसंबर 2025 की संध्या से ही जिलेभर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि जिले के सभी प्रमुख पर्यटन, धार्मिक और पिकनिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। केराझरिया, कुदरी बैराज, देवरी चिचोली, डोंगाघाट चांपा, कोटमीसोनार, शिवरीनारायण, नैला, खोखरा और पीथमपुर जैसे प्रमुख स्थलों पर पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा थाना एवं चौकी क्षेत्रांतर्गत चौक-चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर फिक्स पॉइंट ड्यूटी भी लगाई जाएगी।
हुड़दंग, स्टंट और शराब पीकर ड्राइविंग पर सख्ती
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शराब पीकर वाहन चलाने, तेज रफ्तार, स्टंटबाजी, हुड़दंग करने, सड़क पर केक काटने और तेज डीजे बजाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए ट्रैफिक पुलिस की विशेष तैनाती की गई है और आवश्यकता पड़ने पर मार्ग परिवर्तन भी लागू किए जाएंगे।
संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता
संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त की व्यवस्था की गई है। जिलेभर में सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी। महिला सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिस बल और रिस्पॉन्स टीमों की भी तैनाती की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस कंट्रोल रूम और डायल 112 को सक्रिय रखा गया है।






