छत्तीसगढ़

बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल की पत्नी पर जानलेवा हमला, हालत गंभीर, आईसीयू में भर्ती

बस्तर। जिले में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब बस्तर विधायक लखेश्वर बघेल की पत्नी पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला किए जाने की जानकारी सामने आई। हमले में उनके दोनों हाथों की नसें कट गई हैं, वहीं गले पर भी चोट के गहरे निशान पाए गए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के बाद आज सुबह करीब 8 बजे विधायक की पत्नी को गंभीर अवस्था में महारानी अस्पताल लाया गया। उनकी हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने तत्काल उन्हें आईसीयू में भर्ती किया। फिलहाल उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तुरंत अस्पताल और घटना स्थल पर पहुंचे तथा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

पुलिस सभी संभावित एंगल से मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमला किन परिस्थितियों में और किसने किया। परिजनों से भी पूछताछ की जा रही है और आसपास के लोगों से जानकारी जुटाई जा रही है।

इस गंभीर घटना के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस ने जल्द ही मामले का खुलासा करने और आरोपियों को पकड़ने का भरोसा दिलाया है।

Related Articles

Back to top button