छत्तीसगढ़

न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

सरगुजा। अम्बिकापुर स्थित न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से जिले में हड़कंप मच गया है। यह धमकी न्यायालय की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजे गए एक मेल के जरिए दी गई है। मेल सामने आते ही प्रशासन और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

धमकी की सूचना मिलते ही अम्बिकापुर न्यायालय परिसर की सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है। परिसर में आने-जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है। इसके साथ ही अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई है।

इस मामले की पुष्टि करते हुए आईजी दीपक झा ने बताया कि धमकी भरे ई-मेल को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि साइबर टीम को अलर्ट कर दिया गया है और मेल भेजने वाले की पहचान व लोकेशन का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच जारी है।

फिलहाल किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक न्यायालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम बनाए रखे जाएंगे।

Related Articles

Back to top button