16 दिन बाद बदला फैसला: मंडप में शादी से इनकार करने वाली दुल्हन ने उसी दूल्हे संग लिए सात फेरे, चर्चित मामला फिर सुर्खियों में

जांजगीर-चांपा। 16 दिन पहले पूरे छत्तीसगढ़ में चर्चा का विषय बनी शादी ने अब नया मोड़ ले लिया है। मंडप में दूल्हे पर नशे में होने का आरोप लगाकर शादी से इनकार करने वाली दुल्हन मुस्कान प्रधान ने अब उसी दूल्हे संत कुमार के साथ हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कर लिया है। दोनों ने खोखरा स्थित मनका दाई मंदिर में परिवार के कुछ सदस्यों की मौजूदगी में सात फेरे लेकर अपने रिश्ते को नया अवसर दिया।
23 जून को टूटी थी शादी, वीडियो हुआ था वायरल
गौरतलब है कि 23 जून को चांपा थाना क्षेत्र के कोसमंदा गांव में आयोजित विवाह समारोह के दौरान मुस्कान प्रधान ने दूल्हे संत कुमार पर नशे में होने का आरोप लगाते हुए शादी करने से इनकार कर दिया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था और पूरे प्रदेश में इसकी चर्चा हुई थी।
घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने भी मुस्कान के फैसले की सराहना की थी। उन्हें परिवार परामर्श केंद्र में परामर्शदात्री सदस्य की जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी।
बातचीत से दूर हुईं गलतफहमियां
बताया जा रहा है कि शादी टूटने के बाद भी दोनों के बीच फोन पर लगातार बातचीत होती रही। दोनों ने उस दिन की घटना पर विस्तार से चर्चा की, जिसके बाद उनके बीच की गलतफहमियां धीरे-धीरे दूर हो गईं। आखिरकार दोनों ने अपने रिश्ते को दूसरा मौका देने का फैसला किया।
गुरुवार को मुस्कान परिवार परामर्श केंद्र में अपनी ड्यूटी पर पहुंची थीं। दोपहर में वहां से निकलने के बाद वह सीधे संत कुमार के गांव खोखरा पहुंचीं, जहां मनका दाई मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों का विवाह संपन्न हुआ।
परिजनों ने दर्ज कराई सूचना, पुलिस ने शुरू की तलाश
उधर, परिवार परामर्श केंद्र से निकलने के बाद मुस्कान घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सीएसपी योगिता बाली खापर्डे के अनुसार, मोबाइल बंद मिलने पर पुलिस और साइबर टीम ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान जानकारी मिली कि मुस्कान खोखरा के मनका दाई मंदिर में संत कुमार के साथ विवाह कर चुकी हैं।






