छत्तीसगढ़

जांजगीर-चांपा में अपराध पर सख्त हुए एसपी विजय कुमार पाण्डेय, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तेज करने के निर्देश

जांजगीर-चांपा। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) ने शुक्रवार को पुलिस लाइन जांजगीर में जनरल परेड का निरीक्षण करने के बाद जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में कानून-व्यवस्था, लंबित अपराधों, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई को लेकर सख्त निर्देश दिए गए।

एसपी ने स्पष्ट कहा कि जिले में अपराध, अवैध कारोबार और असामाजिक गतिविधियों के प्रति पुलिस की नीति ‘जीरो टॉलरेंस’ की रहेगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को फरियादियों की शिकायतों पर त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अवैध शराब, जुआ-सट्टा पर कड़ा प्रहार करने के निर्देश

बैठक में एसपी ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों से कहा कि उनके क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। साथ ही जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने, निगरानीशुदा बदमाशों एवं गुंडा तत्वों पर लगातार नजर रखने तथा कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के निर्देश दिए।

लापरवाही पर दो अधिकारियों को फटकार

अपराध समीक्षा के दौरान कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर थाना प्रभारी बम्हनीडीह दिलीप सिंह को उनके क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के मामलों को लेकर कड़ी फटकार लगाई गई।

वहीं चौकी प्रभारी नैला रंजीत कंवर को क्षेत्र में नियमित रात्रि गश्त नहीं करने और आपराधिक तत्वों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं करने पर कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में ऐसी लापरवाही नहीं दोहराने की हिदायत दी गई।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना प्रभारियों का सम्मान

बैठक में बेहतर पुलिसिंग करने वाले अधिकारियों की सराहना भी की गई।

  • थाना प्रभारी अकलतरा भास्कर शर्मा को पाकिस्तानी समर्थित स्लीपर सेल के एक सदस्य की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने पर विशेष रूप से प्रशंसित किया गया।
  • थाना प्रभारी शिवरीनारायण कृष्ण पाल सिंह को एक गंभीर आपराधिक मामले का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण करने पर पुलिस अधीक्षक ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

Related Articles

Back to top button