छत्तीसगढ़
कच्ची शराब जब्ती के बाद आबकारी विभाग की टीम पर पथराव, अधिकारी बाल-बाल बचे

बलौदाबाजार। जिले के सोनाखान इलाके में आबकारी विभाग की टीम पर पथराव की घटना सामने आई है। घटना उस समय हुई जब कसडोल आबकारी विभाग की टीम ने 30 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक महिला को गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार, टीम जैसे ही आरोपी महिला को लेकर जा रही थी, तभी उसके परिजनों ने पथराव कर दिया। अचानक हुए इस हमले में सहायक आबकारी अधिकारी समेत टीम के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए। हमले के दौरान मौके पर जमकर हंगामा भी हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पथराव करने वालों की पहचान की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई किसी भी हाल में जारी रहेगी।






