जांजगीर-चांपा: ट्रैक्टर-ट्राली चोरी करने वाले 4 आरोपी और एक नाबालिग गरियाबंद से गिरफ्तार, 3.55 लाख का माल बरामद

जांजगीर-चांपा। थाना नवागढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्राम किरीत से चोरी हुए ट्रैक्टर-ट्राली प्रकरण में पुलिस ने जिला गरियाबंद से 4 मुख्य आरोपी और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का ट्रैक्टर-ट्राली, महिंद्रा ट्रैक्टर का इंजन और होंडा शाइन मोटरसाइकिल सहित कुल 3,55,000 रुपए का सामान बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 9 मई 2025 की रात ग्राम किरीत से प्रार्थी राधेश्याम चंद्रा का ट्रैक्टर-ट्राली चोरी हो गया था। मामले में थाना नवागढ़ में अपराध क्र. 337/25 धारा 303(1), 3(5) BNS के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडे (IPS) के निर्देशन और एएसपी उमेश कुमार कश्यप तथा डीएसपी मुख्यालय विजय कुमार पैकरा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अशोक वैष्णव की टीम ने लगातार तलाश की।
सूचना मिली कि गरियाबंद में कुछ लोग ट्रैक्टर-ट्राली बेचने की फिराक में हैं। इस पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर मनोज कुमार (26), सावन कुमार सूर्यवंशी (24), सचिन कुमार सूर्यवंशी (23), महेंद्र सूर्यवंशी (21) सभी निवासी खोखरा और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात कबूल की। बरामद ट्रैक्टर-ट्राली की कीमत 95,000 रुपए, ट्रैक्टर इंजन 2 लाख रुपए और मोटरसाइकिल 60,000 रुपए आंकी गई।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया, जबकि नाबालिग को किशोर न्यायालय में पेश किया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक अशोक वैष्णव, प्रधान आरक्षक प्रेमलाल दिवाकर, राजू कश्यप, संजय टंडन, हेमंत साहू, मांघवेंद्र नवरत्न, रामदेव साहू और थाना स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।






