छत्तीसगढ़

भारतमाला सड़क पर तेज रफ्तार वाहन का कहर, 7 बैलों को कुचला, 5 की मौत

रायगढ़। जिले के धरमजयगढ़ क्षेत्र में भारतमाला सड़क पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। रैरुमा के पास काजूबाड़ी क्षेत्र में तेज रफ्तार भारी वाहन ने सड़क पर मौजूद 7 बैलों को कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि 5 बैलों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा भारतमाला सड़क पर हुआ, जहां तेज गति से आ रहे भारी वाहन ने बैलों के झुंड को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कई बैल सड़क पर दूर तक उछल गए और मौके पर ही दम तोड़ दिया।

एर्टिगा कार भी हुई क्षतिग्रस्त

हादसे के दौरान एक एर्टिगा कार भी दुर्घटना की चपेट में आ गई, जिससे वाहन को नुकसान पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी व्यक्ति के हताहत होने की सूचना नहीं है।

ग्रामीणों में आक्रोश

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि भारतमाला सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। ग्रामीणों ने दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण की मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से भारतमाला सड़क पर वाहनों की गति नियंत्रित करने, नियमित निगरानी बढ़ाने और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। उनका कहना है कि क्षेत्र में पहले भी तेज रफ्तार के कारण कई हादसे हो चुके हैं।

फिलहाल घटना की सूचना संबंधित अधिकारियों को दे दी गई है और मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button