जांजगीर-चांपा में नर कंकाल मिलने से सनसनी, एक साल से लापता युवक की हुई पहचान

जांजगीर-चांपा। जिले के राहौद नगर पंचायत क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक नर कंकाल मिलने की खबर सामने आई। यह मामला गुडफीड इलेक्ट्रॉनिक दुकान के पीछे स्थित एक डबरी का है, जहां स्थानीय लोगों ने कंकाल देखे जाने की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच के बाद कंकाल की पहचान शिव कुमार यादव के रूप में की गई। परिजनों ने मौके पर मिले कपड़े और अन्य सामान के आधार पर उसकी शिनाख्त की।
बताया जा रहा है कि मृतक के पिता ने करीब एक वर्ष पहले राहौद चौकी में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसके बाद से ही युवक का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह हत्या का मामला है या किसी अन्य कारण से मौत हुई है। पूरे मामले का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।






