डेटोनेटर ब्लास्ट मामले में पुलिस की त्वरित कार्रवाई, 3 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। ग्राम बनाहिल स्थित वेदान्त सर्विस सीएससी सेंटर में हुए डेटोनेटर ब्लास्ट मामले में मुलमुला पुलिस और साइबर टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी भूपेन्द्र कुमार साहू ने शिकायत दर्ज कराई थी कि देर रात करीब 11:45 बजे दुकान से आवाज आने पर जब वह बाहर आए तो अंदर धुआं भरा हुआ था। उन्होंने जलती हुई रस्सीनुमा वस्तु को उठाकर बाहर फेंका, जो डेटोनेटर निकला। बाहर फेंकते ही उसमें जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे दुकान में रखे कम्प्यूटर, सीपीयू, प्रिंटर, कुर्सी और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में भूपेन्द्र के पैर में भी चोट आई।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रूपेश कुमार वर्मा (41), रमन कुमार कैवर्त्य (32) और अनुज केंवट (45) को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।






