जांजगीर में पुलिस–बदमाश मुठभेड़, मास्टरमाइंड घायल, 7 आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर। जिले में पुलिस और बदमाशों के बीच काउंटर फायरिंग की बड़ी घटना सामने आई है। पुलिस के अनुसार बीते दो रातों में अलग-अलग स्थानों पर डकैती और हत्या के प्रयास की वारदातों को अंजाम देने वाले गिरोह के 7 बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि गिरोह का आठवां आरोपी और मास्टरमाइंड रामनाथ मुठभेड़ में घायल हो गया।
जानकारी के मुताबिक, सुबह-सुबह पुलिस की घेराबंदी से निकलने की कोशिश करते हुए मास्टरमाइंड रामनाथ ने देशी कट्टे से पुलिस जवानों पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
यह कार्रवाई थाना शिवरीनारायण और पामगढ़ क्षेत्र में की गई। पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से हथियार और वारदात में प्रयुक्त सामग्री बरामद की जा रही है। पूरे गिरोह से पूछताछ जारी है और अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।






