छत्तीसगढ़

जांजगीर में 37वां राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का समापन, जागरूकता और सम्मान समारोह का आयोजन

जांजगीर-चांपा। 37वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह 2026 का समापन शुक्रवार को ऑडिटोरियम हॉल जांजगीर में किया गया। कार्यक्रम कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे (आईएएस) एवं पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।

सड़क सुरक्षा माह के दौरान यातायात पुलिस जांजगीर द्वारा जिले के विभिन्न स्थानों, स्कूलों, कॉलेजों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। समापन अवसर पर गुड सेमेरिटन (अच्छे मददगार) को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा सड़क सुरक्षा मितानों को मेडिकल किट प्रदान की गई।

कार्यक्रम के तहत स्कूली बच्चों के लिए रंगोली, चित्रकला, निबंध एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विजेता छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।

पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में सड़क दुर्घटनाओं के बढ़ते आंकड़ों पर चिंता जताते हुए बताया कि दुर्घटनाओं में सबसे अधिक मौतें बाइक सवारों की होती हैं। उन्होंने तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाने और ट्रिपल सवारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही। वहीं कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने में आम जनता की सहभागिता बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम के अंत में जांजगीर पुलिस ने नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट और सीट बेल्ट का उपयोग करने तथा नशे में वाहन न चलाने की अपील की।

Related Articles

Back to top button