छत्तीसगढ़

PM मोदी केरल पहुंचे:वायनाड में लैंडस्लाइड पीड़ितों से मिलेंगे; राहुल बोले- मुझे भरोसा है प्रधानमंत्री इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित करेंगे

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार (10 अगस्त) को केरल के वायनाड दौरे पर हैं। वे सुबह 11 बजे कन्नूर एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान और मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने पीएम मोदी का स्वागत किया।

मोदी हेलिकॉप्टर से कन्नूर से वायनाड रवाना होंगे। वे लैंडस्लाइड प्रभावित इलाकों का पहले हवाई सर्वे करेंगे। फिर लैंडस्लाइड प्रभावित इलाकों में जाएंगे और रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी लेंगे। मोदी राहत शिविरों और अस्पतालों में भी जाएंगे, जहां लैंडस्लाइड पीड़ितों और जिंदा बचे लोगों को रखा गया है।

इसके बाद प्रधानमंत्री अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे, जहां उन्हें हादसे और रेस्क्यू ऑपरेशन के बारे जानकारी दी जाएगी। पीएम के साथ केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी भी वायनाड गए हैं।

राहुल ने वायनाड दौरे के लिए पीएम का धन्यवाद दिया
नेता प्रतिपक्ष और वायनाड के पूर्व सांसद राहुल गांधी ने वायनाड दौरे को लेकर PM मोदी को धन्यवाद कहा है। उन्होंने X पर लिखा- PM के वायनाड जाने का फैसला अच्छा है। मुझे भरोसा है कि जब प्रधानमंत्री लैंडस्लाइड से हुई तबाही खुद देखेंगे, तो वह इसे राष्ट्रीय आपदा घोषित कर देंगे। राहुल संसद में वायनाड हादसे को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग कर चुके हैं।

वायनाड में 30 जुलाई को हुई लैंडस्लाइड में अब तक 400 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। 138 से ज्यादा लोग अभी भी लापता हैं। 9 दिन रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने के बाद 8 अगस्त को सेना वायनाड से वापस लौट गई है। अभी NDRF रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है।

वायनाड में लैंडस्लाइड वाले इलाकों में शुक्रवार (9 अगस्त) की सुबह 10.15 बजे जमीन के नीचे से आई रहस्यमयी तेज आवाज आने के दावे किए जा रहे हैं। अधिकारियों ने कहा कि अंबालावायल गांव और व्यथिरी तालुका में सुबह जमीन के नीचे तेज आवाज सुनाई दी।

वायनाड के डीएम डीआर मेघश्री ने बताया कि घटना के बाद से इलाके के लोग डरे हुए हैं। सभी को सुरक्षित स्थानों पर भेजा जा रहा है। केरल राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (KSDMA) ने कहा कि रिक्टर स्केल में भूकंप के संकेत नहीं मिले हैं। आवाज किस कारण से आई है, इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल इलाके के स्कूलों में छुट्टी कर दी गई है।

वहीं, वायनाड लैंडस्लाइड पर केरल हाईकोर्ट ने खुद संज्ञान लिया है। जस्टिस जयशंकरन नांबियार और जस्टिस वीएम श्यामकुमार की बेंच ने आज इस पर सुनवाई की।

कोर्ट ने कहा- यदि पर्यावरण ऑडिट किया गया है तो हमें इसकी रिपोर्ट चाहिए। समस्या यह है कि हमारे पास कई कानून हैं, लेकिन जमीन पर नजर नहीं आते। हम इस मामले पर हर शुक्रवार को सुनवाई करेंगे। अगली सुनवाई 16 अगस्त को होगी।

Related Articles

Back to top button