छत्तीसगढ़

एक ही रात में दो युवकों की चाकू मारकर हत्या, पांच आरोपी गिरफ्तार

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में चाकूबाजी की दो अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी है। डीडी नगर थाना क्षेत्र में रविवार रात दो युवकों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। दोनों वारदातों के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। पुलिस ने दोनों मामलों में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

महादेव घाट रोड पर युवक की हत्या

पहली घटना महादेव घाट रोड की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक कैलाश अपनी महिला मित्र के साथ पैदल घर जा रहा था। इसी दौरान स्कूटी सवार टिकेंद्र ने सुमीत बाजार के सामने उसे रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद टिकेंद्र ने कैलाश पर चाकू से हमला कर दिया।

हमले के दौरान कैलाश ने चाकू छीन लिया और टिकेंद्र पर वार कर दिया। चाकू लगने से टिकेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। वहीं घायल कैलाश को इलाज के लिए एम्स रायपुर भेजा गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

पुलिस ने मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर घटना के कारणों और पूरे विवाद की जांच शुरू कर दी है।

चंगोराभांठा में भी चाकूबाजी

दूसरी वारदात रविवार रात करीब 12:30 बजे श्रीराम नगर, चंगोराभांठा में हुई। बताया जा रहा है कि 20 वर्षीय भोला विश्वकर्मा का कुछ स्थानीय युवकों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर मिलकर भोला पर चाकू से हमला कर दिया।

हमले में भोला गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन और आसपास के लोग उसे उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पांच आरोपी गिरफ्तार

दोनों घटनाओं के बाद डीडी नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें कुछ नाबालिग होने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस अन्य संदिग्धों और फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

दोनों मामलों में BNS की हत्या, बलवा सहित संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों की भूमिका, वारदात के कारण और घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

20 दिन में 12 हत्याओं से उठे सवाल

राजधानी में लगातार सामने आ रही आपराधिक घटनाओं के बीच पिछले 20 दिनों में 12 हत्या की वारदात होने का दावा किया जा रहा है। एक ही रात में दो युवकों की हत्या की घटना ने शहर की कानून-व्यवस्था और पुलिस कमिश्नरेट की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button