लूट के फरार आरोपी को मुलमुला पुलिस ने दबोचा, वारदात में इस्तेमाल बाइक और नगदी बरामद

जांजगीर-चांपा। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में लूट के मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी लंबे समय से फरार था, जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया।
9 जनवरी को हुई थी लूट की वारदात
मिली जानकारी के अनुसार, 9 जनवरी 2026 की रात करीब 8:30 बजे ग्राम खपरी निवासी वीरू कुर्रे अपने चचेरे भाई संतकुमार कुर्रे के साथ मोटरसाइकिल से लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम कोसा मेन रोड पर नवल सिंह के घर के पास दो बाइक सवार युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने गाली-गलौज और मारपीट करते हुए पीड़ितों से ₹3500 नगद और दो मोबाइल फोन लूट लिए।
इस मामले में थाना मुलमुला में अपराध क्रमांक 26/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
एक आरोपी पहले ही जा चुका है जेल
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पहले ही एक आरोपी विकास भंडारी उर्फ चकरी (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया था।
फरार आरोपी संदीप बंदे गिरफ्तार
प्रकरण के दूसरे फरार आरोपी संदीप बंदे (34 वर्ष), निवासी कोसा पचरीपारा को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लूट की रकम में से ₹500 नगद बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पारस पटेल, सहायक उप निरीक्षक प्रमोद कुमार महार, प्रधान आरक्षक राजमणी द्विवेदी, अनिल अजगत्ले सहित थाना स्टाफ की अहम भूमिका रही।






