छत्तीसगढ़

सिजेरियन डिलीवरी के दौरान प्रसूता ने OT में गाया भरथरी गीत, वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। जिला मुख्यालय स्थित उम्मीद हॉस्पिटल में सिजेरियन डिलीवरी के दौरान एक प्रसूता ने ऑपरेशन थिएटर में ही भरथरी गीत गाकर माहौल को खुशनुमा बना दिया। प्रसूता के इस अंदाज का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे खूब पसंद कर रहे हैं।

सिजेरियन डिलीवरी के दौरान गाने लगीं भरथरी गीत

जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध भरथरी गायिका हेमलता पटेल प्रसव के लिए उम्मीद हॉस्पिटल में भर्ती हुई थीं। डॉक्टरों ने जांच के बाद उनकी सिजेरियन डिलीवरी करने का निर्णय लिया। ऑपरेशन की प्रक्रिया शुरू होने से पहले उन्हें एनेस्थीसिया दिया गया और मेडिकल टीम अपनी तैयारी में जुट गई।

इसी दौरान हेमलता पटेल ने ऑपरेशन थिएटर में ही भरथरी गीत गाना शुरू कर दिया। सिजेरियन डिलीवरी जैसी तनावपूर्ण स्थिति के बीच उनका इस तरह बेफिक्र होकर गीत गाना वहां मौजूद लोगों के लिए भी खासा दिलचस्प रहा।

ऑपरेशन थिएटर में गूंजा भरथरी गीत

बताया जा रहा है कि हेमलता पटेल ने ऑपरेशन के दौरान अपनी गायकी का परिचय देते हुए भरथरी गीत प्रस्तुत किया। सामान्य तौर पर ऑपरेशन थिएटर का माहौल गंभीर और शांत रहता है, लेकिन प्रसूता के गीत गाने से वहां मौजूद मेडिकल स्टाफ के बीच भी एक अलग माहौल बन गया।

इस अनोखे पल का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से शेयर किया जा रहा है। वीडियो देखने वाले लोग प्रसूता के आत्मविश्वास और सहज अंदाज की तारीफ कर रहे हैं।

जच्चा-बच्चा दोनों स्वस्थ

परिजनों के अनुसार, सिजेरियन डिलीवरी के बाद जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। मां और नवजात की स्थिति सामान्य बताई जा रही है। वहीं, ऑपरेशन थिएटर में प्रसूता द्वारा भरथरी गीत गाने का वीडियो लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

सोशल मीडिया पर मिल रही सकारात्मक प्रतिक्रिया

वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कई लोग इसे सकारात्मक सोच और आत्मविश्वास का उदाहरण बता रहे हैं। वहीं, कुछ लोग प्रसूता की गायकी की भी तारीफ कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button