छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ दौरे पर आएंगे क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर, दंतेवाड़ा में बच्चों संग खेलेंगे क्रिकेट

रायपुर। भारत के महान क्रिकेटर Sachin Tendulkar जल्द ही सपरिवार छत्तीसगढ़ के दौरे पर आने वाले हैं। वे 22 अप्रैल को दंतेवाड़ा जिले के प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे अबूझमाढ़ से सटे इंद्रावती नदी के तटीय क्षेत्र में बसे ग्राम छिंदनार पहुंचकर विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। खास बात यह है कि इस दौरे के दौरान सचिन स्थानीय बच्चों के साथ क्रिकेट खेलते हुए भी नजर आएंगे।

इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai भी उनके साथ मौजूद रहेंगे। दोनों मिलकर क्षेत्र में खेल और विकास से जुड़े प्रयासों को बढ़ावा देंगे।

दरअसल, तेंदुलकर फाउंडेशन द्वारा छिंदनार में ग्रामीण खेलों को प्रोत्साहित करने और बच्चों को प्रशिक्षण देने का कार्य उस समय शुरू किया गया था, जब दंतेवाड़ा और बस्तर क्षेत्र नक्सली समस्या से जूझ रहा था। अब जब बस्तर को नक्सल मुक्त घोषित किया जा चुका है, ऐसे में सचिन तेंदुलकर का यह दौरा खास मायने रखता है। वे यहां स्थानीय बच्चों से संवाद करेंगे और उन्हें खेल के प्रति प्रेरित करेंगे।

स्वास्थ्य और शिक्षा पर भी फाउंडेशन का फोकस
हाल ही में तेंदुलकर फाउंडेशन की टीम दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ आई थी। इस दौरान टीम ने मुंगेली जिले के अचानकमार टाइगर रिजर्व के सुदूर वनांचल ग्राम बम्हनी का दौरा कर शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया।

दौरे के दूसरे दिन डॉ. अंजली तेंदुलकर और सारा तेंदुलकर ने बिलासपुर स्थित गनियारी के जन स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों से बातचीत कर जमीनी स्तर की व्यवस्थाओं को समझा। साथ ही फुलवारी केंद्र और बालवाड़ी पहुंचकर आदिवासी बच्चों से मुलाकात की।

इस दौरान बच्चों के रहन-सहन, खान-पान और शिक्षा के स्तर को लेकर स्थानीय समिति के सदस्यों से भी विस्तृत चर्चा की गई। तेंदुलकर फाउंडेशन का यह प्रयास क्षेत्र में खेल के साथ-साथ स्वास्थ्य और शिक्षा के विकास को नई दिशा देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button