नोट छापने वाली प्रेस में छपेगा शराब का स्टीकर:भारत सरकार करेगी प्रिंट, नकली होलोग्राम घोटाले के बाद छत्तीसगढ़ में ऐसा पहली बार; जानिए क्यों

छत्तीसगढ़ की शराब की बोतल पर जो स्टीकर लगेगा वो भारत सरकार छापेगी। होलोग्राम की प्रिंटिंग का काम अब प्राइवेट एजेंसी को दिया जाता रहा है। ये पहली बार है जब केंद्र सरकार की रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया से जुड़ी संस्था इसकी प्रिंटिंग करेगी। ये वो सरकारी एजेंसी है जो नोट भी छापती है।
छत्तीसगढ़ सरकार ने तय किया है कि होलोग्राम प्रिंटिंग का काम नासिक रोड में स्थित भारत सरकार के उपक्रम भारत प्रतिभूति मुद्रणालय में होगा। वहां से छत्तीसगढ़ की सरकार होलोग्राम खरीदेगी। इसके बाद ये प्रदेश में बिकने वाली शराब की बोतलों पर लगेगा।
अक्टूबर अंत तक छपाई का काम छत्तीसगढ़ की ओर से भारत सरकार की इस करेंसी प्रिटिंग यूनिट को दे दिया जाएगा। इस फैसले का एनालिसिस दैनिक भास्कर के लिए छत्तीसगढ़ के रिटायर्ड IAS पूर्व आबकारी कमिश्नर गणेश शंकर मिश्रा ने किया और बताया कि इससे फर्क क्या पड़ेगा।

क्या होगा इस फैसले का असर गणेश शंकर मिश्रा कहते हैं- मेरी जानकारी में संभवत: ये पहली बार होगा कि जब भारत सरकार की करेंसी प्रिंटिंग यूनिट छत्तीसगढ़ के लिए शराब के होलोग्राम बनाएगी। इसका असर ये होगा कि होलोग्राम प्रिंटिंग का काम जो अब तक प्राइवेट एजेंसी को दिया जाता था पूरी तरह से बंद हो जाएगा।
मिश्रा ने आगे कहा- जब प्रदेश में प्राइवेट कंपनियों से प्रिंटिंग होती थी। तो इसका रिस्क रहता था कि फेक प्रिंटिंग हो सकती है। पिछली कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में हुआ शराब घोटाला इसी वजह से जन्मा। ED और EOW ने अदालतों में यही कहा कि नकली होलोग्राम प्रिंट किए गए और मनमाने तरीके से काली कमाई की गई। अब इसपर रोक लगाने में मदद मिलेगी






