जांजगीर-चांपा: फ्लोरा मैक्स कंपनी के तीन आरोपी गिरफ्तार, 8 करोड़ की धोखाधड़ी का खुलासा

जांजगीर-चांपा। जिले में फ्लोरा मैक्स सर्विस प्राइवेट लिमिटेड कंपनी द्वारा लुभावनी स्कीम के नाम पर 2,700 लोगों से लगभग 8 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में कंपनी के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
कैसे हुआ धोखाधड़ी का खेल?
शिकायतकर्ता श्रीमती निरा साहू की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के डायरेक्टर अखिलेश सिंह और उनके साथियों ने 25 अप्रैल 2023 से व्यवसायिक स्कीम के नाम पर आम जनता और महिला समूहों को ठगने का काम किया। चांपा और कोरबा में शाखाएं खोलकर, उन्होंने लोगों से 30-30 हजार रुपये जमा कराने और बदले में हर महीने 2,700 रुपये देने का वादा किया। इसके अलावा, उन्होंने सदस्यों को 35,000 रुपये का सामान जैसे साड़ी, बर्तन, जूते आदि बेचने के लिए दिया और इस सामान की बिक्री से कमीशन का लालच दिया।
कुछ समय तक रकम लौटाने और कमीशन देने के बाद, कंपनी ने यह भुगतान बंद कर दिया और फरार हो गई। पीड़ितों में से कई ने बैंकों से कर्ज लेकर रकम जमा की थी, जिससे उन्हें भारी वित्तीय नुकसान हुआ।






