छत्तीसगढ़

Janjgir Champa Road Accident: ट्रक-ट्रैक्टर की जोरदार भिड़ंत, दुकान तोड़ते हुए घर में घुसा ट्रक; सो रहे 4 लोग चपेट में

छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मुड़पार में ट्रक और ट्रैक्टर के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनियंत्रित ट्रक सड़क किनारे स्थित दुकान के कमरे को तोड़ते हुए एक घर में जा घुसा।

हादसे के वक्त घर में लोग सो रहे थे। अचानक ट्रक के घर में घुसने से वहां मौजूद करीब चार लोग उसकी चपेट में आ गए, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में कई लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

दुकान को तोड़ते हुए घर में घुसा ट्रक

प्रत्यक्ष जानकारी के मुताबिक, ट्रक और ट्रैक्टर के बीच टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित हो गया। इसके बाद वह सड़क किनारे बनी दुकान के कमरे में जा घुसा और उसे क्षतिग्रस्त करते हुए आगे घर तक पहुंच गया।

सुबह-सुबह हुए इस हादसे से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया

घटना की सूचना मिलते ही शिवरीनारायण थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में गंभीर रूप से घायल परमानंद साहू, संजय सूरज चौहान और शत्रुघ्न गिरी को बेहतर उपचार के लिए जिला चिकित्सालय जांजगीर रेफर किया गया है।

हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। ट्रक और ट्रैक्टर की भिड़ंत किन परिस्थितियों में हुई, वाहन की गति कितनी थी और हादसे के पीछे लापरवाही का कोई पहलू था या नहीं, इन सभी बिंदुओं पर जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस दुर्घटना से जुड़े पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। हादसे के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

Related Articles

Back to top button