जांजगीर-चांपा पुलिस ने राहौद में आयोजित किया नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यातायात जन जागरूकता कार्यक्रम

जांजगीर-चांपा: 18 जनवरी 2025 को जांजगीर-चांपा जिले के थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के राहौद में 36वें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत यातायात जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं को रोकना और लोगों में यातायात नियमों के पालन को बढ़ावा देना था।
पुलिस अधीक्षक श्री विवेक शुक्ला (IPS) के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री उमेश कुमार कश्यप और SDOP चांपा श्री यदुमणि सिदार के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया। कार्यक्रम में यातायात रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी और निरीक्षक कमलेश सेंडे ने हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, नो पार्किंग में वाहन न खड़ा करने और नशे में वाहन न चलाने जैसे महत्वपूर्ण यातायात नियमों की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान यह भी बताया गया कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करना और नाबालिग बच्चों को वाहन न देना चाहिए। यातायात नियमों का उल्लंघन करने से होने वाली जान-माल की हानि पर भी चर्चा की गई और सुरक्षित वाहन चालन की महत्ता समझाई गई।
यातायात पुलिस ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे हमेशा यातायात नियमों का पालन करें, वाहन के सभी दस्तावेज़ दुरुस्त रखें और नशे की स्थिति में वाहन चलाने से बचें। इसके साथ ही, पुलिस ने यह भी कहा कि नो पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा करने से बचें ताकि सुगम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जा सके।
जांजगीर-चांपा पुलिस का यह पहल सड़क दुर्घटनाओं को नियंत्रित करने और जिले में सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।






